हिसार। सर्दी के साथ धुंध भी शुरू हो चुकी है। धुंध में हादसे होने का डर और भी ज्यादा बढ़ जाता है। मगर अभी तक रोडवेज बसों पर फॉग लाइटें लगाने की तैयारी अधूरी है। किसी बस पर आई कैट गिलास टूटे हैं तो किसी बस से पीली टेप गायब है। रोडवेज की ओर से अभी तक बसों पर फॉग लाइटें लगाने का काम भी शुरू नहीं हो पाया है।
बता दें, कि हिसार और हांसी सब डिपो में रोडवेज की 225 बसें हैं। हर साल रोडवेज अधिकारियों की ओर से धुंध से पहले बसों पर कैट लाइटें, हैड लाइटें, पीली व लाल टेप बदलने के दावे किए जाते हैं। मगर अभी तक विभाग की ओर रोडवेज बसों को संभाला तक नहीं गया कि कौन-कौन सी बसों पर लाइटें लगी है या नहीं।
उधर, रोडवेज अधिकारियों की मानें तो जल्द ही बसों पर लाइट से लेकर टेप लगवाने का काम शुरू किया जाएगा। वहीं, बसों के मुताबिक स्टोर में भी लाइटें अभी कम है। हालांकि अभी रोडवेज अधिकारियों की ओर से लाइटों की डिमांड नहीं आई है। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल इस मामले में जल्द संबंधित अधिकारियों की बैठक लेंगे और जरूरी दिशा-निर्देश देंगे।
स्टोर में लाइटों की स्थिति
- फॉग लाइट : 40
- पीली और लाल टेप : 150 मीटर
- आई कैट गिलास : 50
- हैड लाइट ट्यूब : 60
सभी बसों को चेक कराया जाएगा। जिन पर लाइटें नहीं हैं या फिर टूटी हुई हैं तो नई लगवाई जाएगी। चालक जल्दबाजी न करें। धुंध के समय यात्रियों, बस और खुद की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही चालक बस चलाएं। -
राहुल मित्तल, महाप्रबंधक, रोडवेज