हिसार। ढंढूर गांव में चुनाव की रंजिश में पिता-पुत्र ने सुरेंद्र पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके शरीर पर डीजल छिड़क दिया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। सदर थाना पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन ढंढूर निवासी सुरेंद्र ने बताया कि वह ढाणी में रहता है और खेतीबाड़ी करता है। चुनाव के दौरान वोट डालने को लेकर गांव के ही दूध बेचने वाले जयवीर ने झगड़ा किया था। रविवार दोपहर पेट्रोल पंप से बाइक में तेल डलवा कर गांव जा रहा था। रास्ते में जयवीर और उसके बेटे ने उसे रोका और मारपीट की। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। इसके बाद लोहे की रॉड से वार किया और शरीर पर डीजल छिड़ककर धमकाया।
घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और गंदगी उठाने का दबाव बनाने पर केस दर्ज
गांव जुगलान निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत देकर एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों के खिलाफ घर में घुसकर तोड़फोड़ करने, गंदगी उठाने का दबाव बनाने, कुत्तों को जहर पिलाने और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला बबली ने बताया कि गांव के ही एक परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं आरोपियों ने जातिसूचक टिप्पणी भी की। आरोपियों ने घर पर पत्थर भी फेंके। आरोप है कि हमलावरों ने महिला पर कुत्ते की गंदगी उठाने का दबाव भी डाला। साथ ही उन्होंने बेजुबान कुत्तों को जहर पिलाया। हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए। सदर थाना पुलिस ने एससीएसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।