हांसी। किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले 732 किसानों के बलिदान को सम्मान दिलाने और उनकी याद में स्मारक बनवाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसके तहत 19 से 26 नवंबर तक हांसी जिले के हजारों किसान शहीद किसान सम्मान यात्रा निकालते हुए दिल्ली के टीकरी बॉर्डर तक पैदल मार्च करेंगे।
यात्रा में भारतीय किसान मजदूर यूनियन हरियाणा सहित संयुक्त किसान यूनियन मोर्चा हरियाणा से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। किसान पैदल मार्च के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से भी रवाना होंगे। बुधवार को हांसी में यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में किसान नेता धर्मपाल बडाला ने बताया कि किसान आंदोलन के दौरान 732 किसानों ने अपने हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ते हुए जान गंवाई थी। उनके योगदान और बलिदान को सम्मान देने के लिए सरकार से शहीद किसान स्मारक बनवाने की मांग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को हांसी से किसान दिल्ली के लिए रवाना होंगे। आठ दिवसीय यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर रात्रि प्रवास होगा। विभिन्न गांवों और कस्बों में किसान संगठनों की ओर से यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। यात्रा में अधिक भागीदारी के लिए गांवों में किसानों से संपर्क किया जा रहा है।
टीकरी बॉर्डर पर होगी किसान सम्मान रैली :
26 नवंबर को टीकरी बॉर्डर पर शहीद किसान सम्मान रैली आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। रैली में शहीद किसान स्मारक निर्माण के साथ स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने और फसलों का उचित मूल्य दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। किसान नेताओं ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।