नारनौंद। खेड़ी चौपटा के पक्के मोर्चे पर किसानों का धरना जारी है। धरने पर कई किसान पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने एलान किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक धरना जारी रहेगा। वहीं हिसार के जिला उपायुक्त उत्तम सिंह और हांसी के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने किसानों की कमेटी के साथ नारनौंद उपमंडल कार्यालय में बंद कमरे में बातचीत की। वहीं सोमवार को सुबह 10 बजे धरना स्थल पर ही किसानों की कमेटी की बैठक होगी और उसमें आगामी फैसला लिया जाएगा।
शुक्रवार को किसानों व पुलिस के बीच हुए टकराव के बाद धरने पर किसानों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन के अधिकारियों ने बंद कमरे में किसान नेताओं के साथ हुई बातचीत को साझा नहीं किया। किसान नेता विकास सीसर, रणबीर मलिक, मास्टर राजकुमार, रणधीर मलिक, कुलदीप खरड़, धर्मपाल बडाला, बलजीत पुट्टी, अमन डाटा, दिनेश श्योराण ने बताया कि बातचीत शांतिपूर्वक तरीके से हुई है। शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन के बीच हुए टकराव को लेकर भी बातचीत हुई है। इसमें प्रशासन की तरफ से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। अभी तक इस मामले में किसानों पर कोई केस दर्ज नहीं किया है। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके किसानों को दोषी ठहराया, यह उनका गलत रवैया था। इसके बारे में भी जिला उपायुक्त से बात की।