फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्राली से गन्ना खींचने से मना करने पर पीटा, हाईवे जाम

Tue, 31 Dec 2013 07:32 PM IST
जींद/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
शुगर मिल में गन्ना ले जा रहे किसानों के साथ मारपीट करने पर मंगलवार दोपहर बाद किसान भड़क गए। गुस्साए किसानों ने शुगर मिल के सामने गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों को आड़ा तिरछा खड़ा कर जींद-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन



जाम लगने की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन किसान पुलिस के आला अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। आखिरकार डीएसपी धर्मबीर सिंह मौके पर पहुंचे और भविष्य में शहर के अंदर से गुजरने वाले ट्रैक्टर ट्रालियों के प्रति सतर्कता बरतने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। लगभग ढाई घंटे लगे जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


ट्रैक्टर ट्रालियों में गन्ना भर कर शुगर मिल ले जाने वाले किसानों का शहर से निकलना दूभर हो गया है। शहर से निकलते समय लोग ट्रालियों से गन्ना खींचते हैं। किसानों द्वारा विरोध करने पर मारपीट की जाती है। मंगलवार दोपहर को गांव कालवा का किसान बलराम, महाबीर, उमेद, जयभगवान दो ट्रैक्टर ट्रालियों में गन्ना भर कर शुगर मिल की तरफ जा रहे थे।
विज्ञापन



पुरानी सब्जी मंडी मोड़ पर कुछ लोगों ने ट्राली से गन्ना खींच लिया। विरोध करने पर गन्ना खींच रहे लोगों ने चारों किसानों की पिटाई कर दी। शुगर मिल में पहुंचने पर बलराम ने अन्य किसानाें को घटना के बारे में बताया। गुस्साए किसान शुगर मिल के बाहर जींद-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गए और जाम लगा दिया।


किसानाें का आरोप था कि घटना के दौरान पुलिस कर्मचारी मौजूद थे लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों के साथ हर रोज इसी प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि मारपीट करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया जाए और घटनाओं को देखते हुए शहर में पुलिस को तैनात किया जाए।


जाम लगने की सूचना पाकर डीएसपी धर्मबीर सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुख्ता प्रबंध करेगी। जिस पर किसान जाम खोलने को राजी हो गए।

जाम लगाने वाले आठ नामजद, 80 के खिलाफ केस
जींद। आश्रम बस्ती से दो माह से लापता दो महिलाओं की बरामदगी के लिए रोहतक रोड चौराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने पर शहर थाना पुलिस ने आठ लोगों को नामजद कर 80 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी पर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा पुलिसकर्मियों के खिलाफ दुर्व्यवहार करने का आरोप है।


आश्रम बस्ती से लापता हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संतोष तथा वृद्धा ब्रह्मी देवी की बरामदगी को लेकर सोमवार को बस्ती के लोगों ने रोहतक रोड चौराहे पर जाम लगा दिया था। इससे जींद-हांसी, जींद-भिवानी, जींद-रोहतक और जींद-बरवाला मार्ग बंद हो गया था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जाम लगाने वाले लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन जाम लगाने वाले लोग उन्हीं से उलझ गए और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।


लगभग ढाई घंटे तक लगे जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर थाना पुलिस ने आश्रम बस्ती निवासी सुरेश वर्मा, राजेंद्र, रामशरण, जयबीर, सुमित्रा, रामप्यारी, वेदां और गांव अंदाना पंजाब निवासी जयप्रकाश को नामजद कर 80 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें