हांसी। गांव उमरा में गेल इंडिया कंपनी की तरफ से सीएनजी गैस पाइप लाइन को खुली छोड़ने पर व पाइप लाइन को 12 फीट गहरी न दबाने पर किसान हिसार में डीसी से मिले। किसानों की मांग है कि पाइप लाइन जिन खेतों में बिछाई जा रही है, उन खेत मालिकों को 2 हजार रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से मुआवजा दिया जाए।
किसान बलबीर, राजेंद्र, बलजीत, आजाद, चंद्रपाल, बलवान, कृष्ण, जगवंती, सुनहरी व बलजीत आदि ने बताया कि गांव के खेतों में फरवरी 2021 से सीएनजी गैस पाइप लाइन दबाने का काम चल रहा है लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं किया गया है। पाइप लाइन को बिल्कुल खुला छोड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी के डीजीएम ने उन्हें कहा था कि पाइप लाइन को 12 फुट गहरा दबाएंगे लेकिन कंपनी के कर्मचारी अब ऐसा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी ने वहां पाइप लाइन बिछाने की एक मशीन खड़ी कर रखी है जिसके जरिए करीब आठ पेड़ काटे जा चुके हैं। वहीं उनकी जमीन का मुआवजा सिर्फ 120 रुपये प्रति वर्गगज दिया जा रहा है जिसे उन्होंने नहीं लिया है। उनकी मांग है कि उन्हें 2 हजार रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से मुआवजा मिले। साथ ही पाइप लाइन बिछाने के बाद जमीन का लेवल बराबर करने व उपजाऊ शक्ति को बनाए रखने के लिए एक लाख रुपये अतिरिक्त मुआवजा दिया जाए। किसानों ने कहा कि उनकी मांगे पूरी नहीं की तो वह आंदोलन करेंगे।