डीएपी-यूरिया की कालाबाजारी व किल्लत को लेकर सरकार का पुतला जलाते किसान।
हिसार। प्रदेश में बुधवार को डीएपी-यूरिया की कालाबाजारी, जमाखोरी व किल्लत को लेकर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने गांव कालवास में विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला जलाया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जताया। प्रदर्शन का नेतृत्व हिसार ब्लॉक प्रथम के प्रधान साहबराम खीचड़, गांव कालवास प्रधान सुभाष लांबा ने किया।
प्रधान साहबराम खीचड़ ने कहा कि पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति की ओर से राज्य भर में पुतले जलाए जाएंगे, जिसमें 11 से 20 जुलाई तक राज्य भर में सरकार के पुतले जलाओ अभियान चलाया जाएगा। किसानों ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानाें को डीएपी उपलब्ध कराने में नाकाम है। इस कारण किसान अपनी फसलों की बिजाई नहीं कर सके। कुछ एरिया में जहां थोड़ा बहुत डीएपी- यूरिया आया उसकी भी जमाखोरी की जा रही है। डीएपी की कालाबाजारी की जा रही है। अधिकारी किसी तरह की कार्रवाई नहीं करते।
किसानों ने अपने स्तर पर जमाखोरी करने वाले एक गोदाम का भंडाफोड़ किया तो प्रशासनिक अधिकारियों ने गोदाम संचालक पर कार्रवाई करने के बजाय लीलापोती कर उसे बचाने का काम किया। किसानों ने बिजली के रेट बढ़ाने, बीपीएल परिवारों के लिए सरसों के तेल के रेट बढ़ाने, बढ़ती नशाखोरी व गुंडागर्दी पर भी रोष जताया। इस अवसर पर गांव के किसान बलवंत भादू, विक्रम जाखड़, इंदर नैन शर्मा, रवि दत्त राकेश लांबा, रवि, सुरेश, राजेश, सुशील, अभिषेक आदि मौजूद थे।