मूंग की खरीद न होने पर लघु सचिवालय के बाहर विरोध जताते किसान।
हिसार। सरकारी खरीद बंद होने से नाराज किसानों ने शनिवार को मूंग से भरी ट्राॅली और अन्य वाहन लघु सचिवालय के बाहर खड़े कर विरोध जताया। मौके पर पहुंचे हैफेड डीएम अनुराग ने किसानों को उच्च अधिकारियों तक मांग पहुंचाने और फसल खरीद बढ़वाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान अपने वाहनों सहित लौट गए।
किसान नेता अनिल गोरछी और अन्य किसानों ने कहा कि मंडियों में फसल खरीद 25 सितंबर से शुरु हो गई थी। सरकारी एजेंसियों ने मूंग की सरकारी खरीद शुरु नहीं की। 12 नवंबर को मूंग की सरकारी खरीद शुरू हुई लेकिन किसानों को इस बारे में जानकारी ही नहीं दी। 15 नवंबर को खरीद बंद कर दी गई। सरकार की ओर से मूंग का एमएसपी 8800 रुपये तय किया गया है। मंडी में मूंग को 4000 से 5000 रुपये प्रति क्विंटल का भावही मिल रहा है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने खरीद को लेकर गंभीरता से काम नहीं किया। हिसार जिले में सरकारी रेट एक पर एक भी दाना मूंग नहीं खरीदा गया।
लघु सचिवालय पर डेरा डालने की चेतावनी
किसानों ने कहा कि यदि सोमवार तक मूंग की खरीद नहीं बढ़ाई गई ओर सरकारी खरीद नहीं हुई तो आगे हिसार लघु सचिवालय पर किसान मूंग की फसल साथ लाकर डेरा डालेंगे। इस मौके पर राजपाल भेरिया, अनिल गोरछी, राजकुमार जांगड़ा, हरीश डाया, भरत सिंह गोरछी आदि किसान मौजूद रहे।