नारनौंद (हिसार)। टोहाना में किसानों पर हुए लाठीचार्ज और गिरफ्तार किसानों की रिहाई की मांग लेकर बुधवार देर शाम किसानों ने हांसी चंडीगढ़ रोड पर माजरा प्याऊ पर जाम लगा दिया। किसानों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक गिरफ्तार किए गए किसानों को रिहा नही किया जाता और टोहाना के विधायक किसानों से माफी नहीं मांगते, किसानों को गालियां देने व किसानों को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज नहीं हो जाता तब तक जाम नही खुलेगा। किसानों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। जाम के दौरान कोरोना महामारी को देखते हुए ग्रामीणों ने एंबुलेंस और बीमार को लेकर जा रही गाड़ियों को जाने दिया।
किसान राजेश बेरवाल, कर्ण सिंह, जबर बेरवाल, अवतार सिंह गिल, देवेंद्र ढांडा, टिंकू, रामदेवा, सुमित, बालकिशन, बिट्टू, प्रदीप, अजीत सिंह, सत्यवान ढांडा, जगबीर, कृष्ण, जोनी, जगदीश व सुरेश आदि ने बताया कि टोहाना से जजपा विधायक देवेंद्र सिंह उर्फ बबली ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध प्रकट कर रहे किसानों को अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां दी। जिसको लेकर बुधवार को टोहाना में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जता रहे थे। युवा किसान नेता रवि आजाद सहित 25 किसानों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसको लेकर माजरा व मोठ गांवों के किसानों ने बुधवार देर शाम को माजरा प्याऊ पर हांसी-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। यहां सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन खड़े करके रास्ता अवरुद्ध कर दिया। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की दोनों तरफ लाइनें लग गईं।