हांसी। गांव डाटा के तालाब में मिले युवक के शव के पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने हंगामा कर दिया। युवक की मां ने हत्या का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी ने उन्हें समझाया व पोस्टमार्टम करने के लिए मनाया।
नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक युवक की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या करके शव को तालाब में फेंका गया है। वह इत्तफाकिया कार्रवाई करने को लेकर नाराज दिखी। जिस पर सदर थाना प्रभारी सिद्धार्थ मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों को समझाया कि पोस्टमार्टम की विसरा रिपोर्ट में जो भी तथ्य निकल कर आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई करेंगे।
उनके समझाने के बाद वह शांत हुईं और पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने युवक के मामा दयानंद के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई करवाते हुए सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम में युवक के फेफड़ों में पानी भरने से मौत की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के दौरान शव पर कोई चोट का निशान नहीं मिला। बता दें जींद के गांव छातर निवासी 19 वर्षीय अमन उर्फ रवि पिछले ढाई साल से अपनी मां सहित गांव डाटा में अपने मामा के घर रहता था। पिछले तीन दिन से वह घर से लापता था। रविवार को खेत से घर आ रहे गांव के एक युवक ने तालाब में उसका शव देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी थी। सदर थाना के एसआई रमेश ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है।