संवाद न्यूज एजेंसी
हांसी (हिसार)। सिसाय के एक शराब ठेकेदार से फोन पर गैंगस्टर संपत नेहरा के नाम से रंगदारी मांगी। फोन करने वाले ने खुद को गैंगस्टर संपत नेहरा बताया। पुलिस ने संपत नेहरा के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शराब ठेकेदार सिसाय कालीरावण निवासी सोनू ने बताया कि उनके पास तीन दिन पहले पहली काॅल संपत नेहरा के नाम से आई। उन्होंने फोन उठाया तो फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को संपत नेहरा बताकर बात की और पैसे की मांग की। उसने एक अगस्त तक का समय दिया और कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो जान से मार दिए जाओगे। उसके साथ वीडियो कॉल पर भी बात हुई। अपना चेहरा दिखाने के बाद उसने वाइस कॉल से धमकी भरी कॉल शुरू की। सोनू ने बताया कि अगले दिन एक अगस्त को भी धमकियां मिलती रहीं। सोनू का कहना है कि वह आज तक संपत नेहरा से नहीं मिला, न ही इनके सर्कल के किसी आदमी को जानते हैं।