हिसार में बैंक मैनेजर को व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रुपये न देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में सीसवाल गांव निवासी मक्खन सिंह ने आदमपुर थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सीसवाल गांव के ही रहने वाले अनूप दांवा पर रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सीसवाल गांव निवासी मक्खन सिंह ने बताया कि वह न्योली कलां गांव स्थित कॉपरेटिव सोसायटी बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है। गुरुवार शाम करीब 5 बजकर 32 मिनट पर उसके मोबाइल नंबर पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। उन्होंने कॉल उठाई और पूछा कौन बोल रहे हो, तो सामने वाले ने अपना नाम अनूप दांवा वासी सीसवाल बताया। उसने धमकी देते हुए 50 लाख रुपये मांगे और कहा कि रुपये नहीं दिए तो तेरे बेटे को गांव के चौक में ले जाकर मार देंगे। उसने कहा कि तेरे पास ये मेरा लास्ट फोन है इसके बाद मैं दोबारा फोन नहीं करूंगा, तुम सोच लेना।
मामले के जांच अधिकारी एसआई विनोद कुमार का कहना है कि मक्खन सिंह की शिकायत पर अनूप दांवा के खिलाफ रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।