हांसी। मानसून के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संभावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने जिलेवासियों से यातायात नियमों का पालन करने व बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं। दृश्यता कम हो जाती है और छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है इसलिए प्रत्येक वाहन चालक का कर्तव्य है कि वह स्वयं भी सुरक्षित रहे और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखे।
एसपी ने कहा कि बारिश के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाना, जल्दबाजी में ओवरटेक करना, अचानक ब्रेक लगाना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। वाहन हमेशा नियंत्रित गति से चलाएं तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित तरीके से वाहन रोका जा सके।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों एवं सभी सवारियों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। बारिश के दौरान वाहन चलाते समय हेडलाइट ऑन रखें, इंडिकेटर का सही उपयोग करें और वाइपर सही स्थिति में रखें ताकि कम दृश्यता में भी वाहन सुरक्षित रूप से चलाया जा सके।
उन्होंने वाहनचालकों निर्देश दिए कि जलभराव वाले रास्तों से गुजरने से बचें। यदि ऐसे रास्ते से निकलना जरूरी हो तो पहले पानी की गहराई का अनुमान लगा लें क्योंकि पानी में गड्ढे, खुले मैनहोल या अन्य बाधाएं हो सकती हैं।