हांसी। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा का कहना है मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। यह बजट हर वर्ग और क्षेत्र के विकास व कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इससे प्रदेश में विकास की गति तेज होगी। वह शनिवार को तोशाम चुंगी स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
गंगवा ने कहा कि चुनाव से पहले जनता से किए गए वादे भाजपा सरकार तेजी से पूरा कर रही है। लाडो लक्ष्मी योजना लागू हो चुकी है। इसके लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। सात जिलों के सरकारी अस्पतालों में एमआरआई और 18 जिलों में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू की जा चुकी है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, सतवीर वर्मा, बिजेंद्र लोहान, आभास अग्रवाल, धर्मवीर रतेरिया, ओमपाल यादव, राममेहर बरागी, बलजिंदर यादव आदि उपस्थित रहे।
1275 सड़कों को 18 फीट चौड़ा किया जा चुका :
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 23 जिले राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े हैं। 3500 सड़कों में से 1275 को 18 फीट चौड़ा किया जा चुका है और शेष की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग की किसी भी सड़क की चौड़ाई 10 फीट से कम नहीं रखी जाएगी और 5000 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का सुधार किया जाएगा।