हिसार। दो दिन तक चली संयुक्त पात्रता परीक्षा ने जिला प्रशासन का भी इम्तिहान लिया। इस दौरान शहर में लगे जाम को छोड़ दे तो बाकी सभी विषयों में प्रशासन ने बढ़िया प्रदर्शन किया। यह परीक्षा प्रशासन के लिए भी नाक का सवाल रही और प्रशासन इसमें अपनी नाक बचाने में सफल रहा।
इस दौरान रोडवेज विभाग की अच्छी सर्विस रही। रोडवेज बसों ने अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाया। हालांकि परीक्षा के कारण आम यात्रियों को थोड़ी परेशानी का सामना जरूर करना पड़ा। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था भी काफी कड़ी दिखी। इसी का असर रहा कि यह परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
शहर में बाहर आए से अभ्यर्थियों की अच्छी मेहमान नवाजी भी की गई। उन्हें कोई परेशानी न हो, इसके लिए सामाजिक संस्थाएं बढ़ चढ़कर आगे आईं। यही नहीं शहरवासियों ने भी अपने-अपने स्तर पर अभ्यर्थियों की खूब मदद की, चाहे वह निशुल्क बाइक सेवा हो या निशुल्क खाने रहने व खाने की व्यवस्था हो।
शहर को जाम मुक्त नहीं रख सका प्रशासन
मगर एक जगह प्रशासन बढि़या प्रदर्शन नहीं कर सका। दो दिनों तक चली परीक्षा में शहर में दोनों दिन अभ्यर्थियों को जाम का सामना करना पड़ा। इस कारण से उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने व लौटने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके लिए प्रशासन ने काफी व्यवस्था कर रखी दी लेकिन इसमें प्रशासन को ज्यादा कामयाबी नहीं मिली।
कुछ लोगों ने शहर की छवि को किया धूमिल
परीक्षा के दौरान कुछ लोगों ने शहर की छवि को धूमिल किया। परीक्षा के दौरान केंद्रों के दुकानदारों ने अभ्यर्थियों से सामान रखने की एवज में पैसे वसूले। शहर में काफी जगहों दुकानदारों ने सामान रखने के नाम पर अभ्यर्थियों से 40 से 50 रुपये तक लिए। मजबूरी में अभ्यर्थियों को भी ये पैसे देने पड़े।