हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के बीएफएससी चार वर्षीय कोर्स, बीएससी एग्रीकल्चर छ: वर्षीय कोर्स, बीएससी कोम्युनिटी साइंस, एमएससी एग्रीकल्चर, एमटेक एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग, एमएफएससी कोर्स, एमएससी कम्युनिटी साइंस के लिए प्रवेश परीक्षाएं 14 जुलाई को होंगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने बताया कि उपरोक्त पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 4525 उम्मीदवारों ने आवेदन किए हैं। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। विश्वविद्यालय सहित शहर में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुलसचिव डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में नकल करने तथा दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक उम्मीदवार की फोटोग्राफी भी की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. पवन कुमार ने बताया कि उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करके सत्यापित फोटो के साथ लाना होगा। प्रवेश परीक्षा का समय बीएफएससी चार वर्षीय कोर्स के लिए प्रात: 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे, बीएससी (ऑनर्स) कम्यूनिटी साइंस के लिए 2:30 बजे से सांय 5 बजे जबकि शेष पाठ्यक्रमों के लिए प्रात: 10 से दोपहर 12.30 बजे तक होगा परंतु उम्मीदवारों को परीक्षा आरंभ होने के एक घंटा पूर्व अपने परीक्षा केद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। फ्लैचर भवन स्थित सहायक कुलसचिव (एकेडमिक) के कार्यालय में प्रात: 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक हेल्प लाइन सेंटर बना रहेगा।