अग्रोहा। क्षेत्र में गेहूं की कटाई का सीजन शुरू होने के साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने बिजली आपूर्ति के शेड्यूल में बदलाव किया है। इसके तहत तीन से 30 अप्रैल तक अग्रोहा उपखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
बिजली निगम के अग्रोहा एसडीओ माणिक ने बताया कि गांव नंगथला स्थित 33 केवी उपकेंद्र से जुड़ी आपूर्ति इस अवधि में दिन के समय बंद रखी जाएगी। यह निर्णय खेतों के ऊपर से गुजरने वाली हाई वोल्टेज लाइनों में शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए लिया गया है।
आदेश के अनुसार फसल कटाई के दौरान खेतों में मशीनों के उपयोग और सूखी फसल के कारण आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। बिजली तारों में स्पार्किंग, टूटे तार या पक्षियों के कारण होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। बिजली निगम ने किसानों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत नजदीकी बिजलीघर या नियंत्रण कक्ष को दें।
इस व्यवस्था के तहत अग्रोहा उपखंड के नंगथला, मीरपुर, कुलेरी, किरमारा, संदोल, लांधड़ी, फ्रांसी, चिकनवास, ठस्का झिड़ी, जगान, दुर्जनपुर, कालीरावण, मोठसरा, महलसरा, खांसा महाजन और काजला सहित कुल 19 गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।