Eco van collided with standing dumper, six barati including driver killed, six injured
- फोटो : Hisar
राखी शाहपुर गांव से करीब दो किलोमीटर आगे खेड़ी चौपटा की तरफ क्रशर से भरे डंपर में ईको वैन घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि वैन में सवार 12 में से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी घायल हो गए। मरने वालों में पांच बराती और एक ईको वैन का चालक शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए नारनौंद ले जाया गया, जहां से सभी को हिसार के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही नारनौंद के डीएसपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। डंपर चालक मौके से फरार है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार रात मिलकपुर निवासी कर्मबीर की बेटी की शादी थी। बरात गांव चूली खुर्द से मिलकपुर गांव में आई हुई थी। मृतक राजस्थान से चूली खुर्द में भात भरने आए हुए थे और बरात के साथ मिलकपुर आए थे। कुछ बराती रात को एक मकान में सो गए और सुबह उठे तो बरात जा चुकी थी। मिलकपुर निवासी दिनेश अपनी ईको वैन में उन्हें छोड़ने के लिए वहां से सुबह करीब 7:17 बजे गांव मिलकपुर से चला। जब वह राखी शाहपुर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेड़ी चौपटा की तरफ पहुंचा तो वहां पर टायर फटने के कारण एक डंपर खड़ा था। ईको वैन डंपर से जा टकराई। राहगीरों ने वैन में सवार लोगों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद राहगीरों ने अन्य वाहन चालकों की मदद से रॉड से गाड़ी की खिड़कियां तोड़ी और घायलों को बाहर निकाला। सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब तक राहगीर अन्य वाहनों को रुकवाकर घायलों को नारनौंद के सरकारी अस्पताल भिजवा चुके थे।
ये लोग हुए हादसे का शिकार
हादसे में नारनौंद के मिलकपुर निवासी ईको वैन चालक 34 वर्षीय दिनेश उर्फ सन्नी, हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी तहसील के गांव शीलवाला कलां निवासी 65 वर्षीय सोहन लाल, 49 वर्षीय ओमप्रकाश, 19 वर्षीय सचिन, 28 वर्षीय कुलदीप और 33 वर्षीय भूपेंद्र सिंह की मौत हो गई। हांसी के सामान्य अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया। घायलों की पहचान रानियां के गेदरा निवासी जतिन, शीलवाला निवासी कुलदीप, विक्रम, अभिषेक, भादरा के हंतपुरा निवासी रोहताश और श्रीगंगानगर के कुपली निवासी श्रवण के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल रोहताश के बयान पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 283 व 304ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल डंपर चालक फरार है।
पुलिस धुंध, ओवरटेकिंग और नींद की झपकी आने के एंगल से कर रही जांच
पुलिस हल्की धुंध, ओवरटेकिंग करना या फिर नींद की झपकी आने के एंगल से जांच कर रही है। घायल श्रवण, रोहताश के अनुसार धुंध इतनी नहीं थी कि कुछ दिखाई न दे, लेकिन उनका ध्यान सड़क की तरफ नहीं था, जिससे वे हादसे के कारण से अनजान हैं। नारनौंद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह के अनुसार धुंध के अलावा हादसे का कारण ओवरटेकिंग भी हो सकता है। नींद की झपकी आना भी हादसे का कारण हो सकता है, क्योंकि सड़क पर ब्रेक लगने से टायरों के कोई निशान नहीं हैं। जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
Eco van collided with standing dumper, six barati including driver killed, six injured- फोटो : Hisar