हिसार। शहर में जिंदल टावर के पास वीरवार सुबह सड़क हादसे में ई स्कूटी सवार एक किशोर की मौत हो गई और उसके साथी को चिकित्सकों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया। परिजन उसे गुरुग्राम में एक निजी अस्पताल में ले गए। हादसे में मृत किशोर परख हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल का भतीजा था। पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
सदर थाना पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे दो ई स्कूटी पर 5 किशोर घूमने के लिए जिंदल टावर के पास जा रह थे। एक स्कूटी पर तीन व दूसरी पर दो किशोर सवार थे। इसी बीच एक स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इससे स्कूटी सवार सेक्टर 14 निवासी परख जिंदल (14) पुत्र हरीश व सौरभ पुत्र तरसेम गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों सेक्टर 14 के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सकों ने परख को मृत घोषित कर दिया, जबकि सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। शाम तक होश नहीं आने पर चिकित्सकों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में ले गए। परख के परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने शव को बिना पोस्टमार्टम करवाए उन्हें सौंप दिया।
ई स्कूटी चला रहे हैं तब भी लगाएं हेलमेट
लोग अक्सर ई स्कूटी चलाते समय हेलमेट नहीं पहनते, जबकि सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना चाहिए। लोग इस भ्रम में रहते हैं कि ई स्कूटी की स्पीड काफी कम होती है और इसे चलाते समय गंभीर दुर्घटना की आशंका कम रहती है। हालांकि अभी तेज गति से दौड़ने वाले ई दुपहिया भी आने लगे हैं। ऐसे में खुद की हिफाजत के लिए चाहे कैसा भी वाहन हो हेलमेट लगाना चाहिए।