बरवाला। गांव सरसाैद के पास बुधवार को 3.50 लाख की लूट मामले में पुलिस को आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस पीड़ित के हवाले से मिली जानकारी के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
पीएसआई उपेंद्र के मुताबिक मूलत: पंजाब के लुधियाना निवासी रिंकू पुत्र जोगिंदर पाल ने रिपोर्ट में बताया कि वह पिछले कई सालों से होजरी का काम करता है। तीन-चार दिन पहले फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा जिसमें कम समय में ज्यादा पैसे रिटर्न करने का दावा किया गया था। उसने लालच में आकर फेसबुक आईडी से ही कांटेक्ट नंबर प्राप्त कर संपर्क किया गया तो सामने से कहा गया कि हिसार आ जाएं। वह बुधवार को हिसार के जिंदल चौक पर पहुंचा। यहां उसी नंबर पर संपर्क कर कहा कि उसके पास 3.50 लाख रुपये है। इस पर सामने से बात कर रहे व्यक्ति ने कहा सरसाैद गांव के मोड़ पर पहुंच जाओ। वहां आपके पैसे दोगुना करके दे देंगे। सरसौद मोड़ पर पहुंचा तो वहां दाे गाड़ियाें 4-5 लाेग आए। उन्होंने रिंकू को कुछ पैसे दिखाए। पैसे दोगुने करने के संबंध में बातचीत चल रही थी इसी बीच उन्होंने रिंकू के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और गाड़ियों में सवार होकर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है और रिंकू के बताए हुलिए के संदिग्ध लोगों की सीसीटीवी कैमरों से फुटेज खंगाल रही है।