हिसार। बुधवार को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर दूसरे दिन वीरवार को भी देखने को मिला। इस दौरान कई जिलों में तेज गति से हवाएं, अंधड़ के अलावा हल्की बारिश भी दर्ज की गई। एक-दो जगह गरज चमक के साथ हल्की ओलावृष्टि भी हुई। भारतीय मौसम विभाग ने अंधड़, बारिश व ओलावृष्टि के संबंध में 11 व 12 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बुधवार को महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और एनसीआर में15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, अंधड़ के साथ बूंदाबांदी और कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। इसके अलावा एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि हुई। वहीं वीरवार को पहले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, पानीपत व सोनीपत जिलों में बिखराव वाली बूंदाबांदी और तेज गति से हवाएं अंधड़ की गतिविधियों को दर्ज किया गया। बारिश की गतिविधियों के कारण दिन के तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आई। इस दौरान हिसार में 42.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। हालांकि रात के तापमान में 4.6 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। रोहतक में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे ज्यादा रहा।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
11 व 12 अप्रैल को भी विक्षोभ के असर से काफी क्षेत्रों में बारिश व अंधड़ की गतिविधियां जारी रहेंगी। इसके असर से दिन का तापमान 40 डिग्री से नीचे और रात का तापमान 20 डिग्री तक पहुंच जाएगा, जिससे लोगों को 15 अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलेगी। मगर इसके बाद फिर से गर्मी के तेवर देखने को मिलेंगे।
इतनी हुई बारिश
महेंद्रगढ़-14.5 एमएम
जींद-3.0 एमएम
नोट-बारिश के यह आंकड़े बुधवार सुबह साढ़े 8 से लेकर वीरवार शाम साढ़े 5 बजे तक के हैं।