हिसार। पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) हिसार रेंज कुलदीप सिंह यादव ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। बैठक में नशा तस्करी की सप्लाई चेन तोड़ने और महिला सुरक्षा पर फोकस करने के निर्देश दिए। आईजीपी ने कहा कि नशा तस्करी के मामलों में कार्रवाई केवल नशीला पदार्थ बरामद करने तक सीमित न रहे। पूरे नेटवर्क, सप्लायर और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की गहनता से जांच की जाए। इससे नशे की सप्लाई चेन को प्रभावी ढंग से तोड़ा जा सकेगा।
साइबर अपराधों की रोकथाम और जांच की भी समीक्षा की गई। उन्होंने तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया। आईजीपी ने कहा कि महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराई जाए। उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई हो। उन्होंने आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।