हिसार। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और एचआईवी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। हिसार की विधायक सावित्री जिंदल ने वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल में अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान लोक कलाकारों ने नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव और एचआईवी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। जिले के विभिन्न स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर सही दिशा देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उन्होंने कैंसर लाभार्थियों को निशुल्क परिवहन सेवा से संबंधित कार्ड और स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के प्रमाण पत्र वितरित किए।
एयरपोर्ट के पास बनेगा नया जिला नागरिक अस्पताल
विधायक ने बताया कि एयरपोर्ट के पास नए जिला नागरिक अस्पताल के भवन के लिए जमीन की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी। नए भवन में कैंसर और टीबी अस्पताल बनाने का भी प्रस्ताव है। कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. तरुण, डॉ. सुशील गर्ग सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।