बरवाला। अखिल भारतीय किसान सभा व खेत मजदूर यूनियन की बरवाला व उकलाना तहसील कमेटी की संयुक्त बैठक मा. फूल सिंह पाबड़ा, कर्मवीर जलंधरा और डॉ. मियां सिंह बिठमड़ा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यह तय किया गया कि किसानों की समस्याओं के खिलाफ 26 अक्तूबर से एसडीएम कार्यालय पर धरना शुरू किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि किसान सभा का शिष्टमंडल 9-10 अक्तूबर को मार्केट कमेटी सचिव बरवाला व उकलाना से मिला था। शिष्टमंडल ने किसानों के साथ हो रही धांधली की जानकारी दी थी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि भविष्य में किसानों को कोई दिक्कत नहीं होगी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
किसान सभा के जिला सचिव सरबत सिंह पूनिया, तहसील प्रधान फूल सिंह पाबड़ा, कर्मवीर जलंधरा और खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव रोहतास राजली ने कहा कि मंडी दौरे के बाद धान, कपास, बाजरा आदि फसलों की सरकारी खरीद में हो रही गड़बड़ी, बारिश से खराब हुई फसलों का मुआवजा, बस्तियों का पुनर्निर्माण, ट्यूबवेल व टॉयलेट का मुआवजा आदि समस्याओं को लेकर कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम बरवाला को सौंपा जा चुका है।
मंडी में कपास की खरीद एमएसपी 7700 रुपये प्रति क्विंटल के बजाय 5000-6500 रुपये और धान 2389 रुपये की बजाय 1900-2000 रुपये में हो रही है। किसान नेताओं ने इसे सीधी लूट करार दिया। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मुआवजा, मकानों का निर्माण व मरम्मत, ट्यूबवेल व टॉयलेट आदि के मुआवजे और अन्य समस्याओं का समाधान तत्काल नहीं किया गया तो 26, 27 और 28 अक्टूबर को एसडीएम कार्यालय पर धरना जारी रहेगा। इस मौके पर सत्यवान रेड्ढू, श्रवण कुमार, ओमप्रकाश कूंडू, पृथ्वी सिंह चोपड़ा, ओमप्रकाश ढाणी खान बहादुर, जीतू सरदाना समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद