अग्रोहा में मटके फोड़कर प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
अग्रोहा। पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग के लिए ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मेडिकल प्रशासन द्वारा खोदाई रुकवाने के विरोध में महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर शुक्रवार को चौथे दिन भी पक्का मोर्चा जारी रहा। इस दौरान महिलाओं ने खाली मटके फोड़कर विरोध जताया।
धरने का नेतृत्व सरपंच आत्माराम भुकक्ल, परमजीत जाखड़ और ब्लॉक महिला प्रधान सुशीला गोदारा ने किया। ग्रामीण गांव में 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को जनस्वास्थ्य विभाग की टीम जेसीबी लेकर खोदाई करने पहुंची थी। मेडिकल प्रशासन ने काम रुकवाकर पुलिस बुला ली। इसके बाद ग्रामीणों ने मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया।
दूसरे दिन एसडीएम, मेडिकल प्रशासन और संघर्ष समिति के बीच वार्ता बेनतीजा रही। तीसरे दिन कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल और पूर्व मंत्री अनूप धानक ने भी मध्यस्थता का प्रयास किया लेकिन समाधान नहीं निकला। चौथे दिन कांग्रेस, बसपा, भारतीय किसान यूनियन, इंटक, भीम आर्मी और इनेलो सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरने को समर्थन दिया।