हांसी मंच पर उपस्थित डॉ़ कुलदीप सिंघल व विधायक विनोद भयाना। प्रशासन
- फोटो : राष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता में दांव आजमाते पहलवान।
हांसी। महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (डीजी हेल्थ) के पद पर नियुक्त होने पर डॉ. कुलदीप सिंघल का रविवार को उनके पैतृक गांव रामायण में नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने पगड़ी पहनाकर व फूल-मालाएं अर्पित कर उनका स्वागत किया।
डॉ. सिंघल ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण ही सफलता की कुंजी है। वह राजकीय विद्यालय में पढ़कर ही अधिकारी बने हैं। परिवार और भाइयों ने पढ़ाई ने पूरी मदद की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने और समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव में पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) खुलेगा।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने विधायक विनोद भयाना के समक्ष विभिन्न जनहित से जुड़ी मांगें रखीं। विधायकने कहा कि गांव में बस क्यू-शेल्टर का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा। साथ ही श्मशान घाट की भूमि की चारदीवारी का निर्माण भी कराया जाएगा। खेल मैदान की चहारदीवारी के निर्माण के लिए विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर प्रस्ताव तैयार कर भिजवाया जाएगा। विधायक ने कहा कि हांसी के नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक, डायलिसिस, सिटी स्कैन तथा एमआरआई की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित प्रस्ताव सरकार को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने डीजी हेल्थ से आग्रह किया कि स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्वीटी बूरा, सरपंच अनिल उर्फ टोनी, नरेंद्र सहरावत, नगर परिषद के उप प्रधान अनिल बंसल, डॉ. एसएस मान आदि उपस्थित रहे।