देश की सबसे बड़ी पंचायत में आजाद भारत के इतिहास में सबसे कम उम्र का सांसद चुने जाने का जो रिकॉर्ड दर्ज हुआ है, उसका श्रेय हिसार के युवाओं को भी जाता है। यह बात इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कही।
वे रविवार को पुराना राजकीय कालेज मैदान में इनसो द्वारा आयोजित लाइव स्टार कंसर्ट कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दुष्यंत चौटाला को सांसद बनाने में हिसार के युवाओं का विशेष योगदान रहा है और सांसद चुने जाने के बाद काफी संख्या में युवा इनसो से जुड़े हैं।
युवाओं के इस जोश को देखते हुए इनसो ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है। इनसो नेता दिग्विजय चौटाला ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नव वर्ष की शुरूआत हमने एक अच्छे कार्यक्रम से की है और आगे भी इनसो जनहित में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि इनसो सामाजिक कार्यक्रमों के साथ छात्र हितों के लिए काम करने वाला संगठन है, इसका जीता-जागता उदाहरण रोहतक में दस हजार नेत्रदान का विश्व रिकॉर्ड बनाकर प्रस्तुत किया है।
उन्होंने इस कार्यक्रम में भीड़ उमड़ने और अनुशासनात्मक ढंग से इस चलाने के लिए युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इनसो और युवा इनेलो के पदाधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महिलाओं की हाजिरी भी उल्लेखनीय थी।