हरियाणा के हिसार से डीआईजी बलवान सिंह राणा का तबादला गुरुग्राम कर दिया गया है। बलवान राणा को गुरुग्राम में स्टेट विजिलेंस में नियुक्त किया गया है। लोकेंद्र कुमार हिसार के नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त किए गए हैं। नए एसपी मंगलवार को कार्यभार संभालेंगे।
डीआईजी बलवान सिंह राणा ने 24 सितंबर 2020 को हिसार में एसपी का कार्यभार संभाला था। डीआईजी के पद पर पदोन्नत होने के बाद भी वह एसपी का कार्यभार संभाल रहे थे। पिछले सप्ताह तारा फोर्ड कार एजेंसी के संचालक प्रदीप नेहरा ने एसपी बलवान राणा पर डीएसपी के माध्यम से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप लगाए थे।
जिसके बाद बलवान राण ने प्रेस कांफ्रेस बुलाई लेकिन अचानक उसे स्थगित कर दिया। शुक्रवार को प्रदीप नेहरा ने इसकी लिखित शिकायत प्रदेश के मुख्यमंत्री ,गृहमंत्री, डीजीपी, आईजी को भेजी थी। रिश्वत का यह मामला पिछले एक सप्ताह से सोशल मीडिया में भी लगातार वायरल हो रहा था। डीआईजी बलवान राणा के इस तबादले को रिश्वत मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी साल उनकी रिटायरमेंट भी है।