पटेल चौक के निर्माण कार्य हांसी में लगाया जाएगा धौलपुर पत्थर।
हांसी। गोसाईं गेट के समीप निर्माणाधीन सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक के निर्माण कार्य में लगातार देरी हो रही है। पूरे चौक पर अब धौलपुर पत्थर लगेगा। यहां पर निचले हिस्से में लगे मार्बल को तोड़ा गया है। करीब दस महीने पहले इस चौक का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। हालांंकि चौक का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
नगर परिषद की तरफ से करीब दस महीने पहले सरदार वल्लभ भाई पटेल चौक का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया था। निर्माण कार्य 20 लाख रुपये की लागत से होना है। पहले यहां पर चौक की संरचना की गई थी व निचले हिस्से पर मार्बल पत्थर लगाया गया था। ऊपरी हिस्से पर धौलपुर पत्थर लगाया गया था।
अब निचले हिस्से में लगे मार्बल पत्थर को तोड़कर धौलपुर पत्थर लगाया जाएगा। करीब दस दिन पहले फिलहाल यहां पर मार्बल पत्थर को तोड़ा जा चुका है। हालांकि धौलपुर पत्थर लगाने का कार्य शुरू नहीं हुआ है। नगर परिषद की इस बिना सोच विचार के किए गए कार्य से पैसे की भी बर्बादी हो रही है। फिलहाल चौक पर प्रतिमा लग चुकी है, जिसे ढक कर रखा गया है। इसके अलावा ग्रिलिंग, लाइट व अन्य कार्य भी रुका हुआ है। लगातार निर्माण कार्य में देरी होने से आमजन भी परेशान हैं।
पूरे चौक पर धौलपुर पत्थर लगाया जाएगा। पहले लगाए गए मार्बल को हटाय गया है। जल्दी ही काम पूरा करवाया जाएगा।- जयवीर सिंह, एमई, नगर परिषद