नागोरी गेट से अग्रसेन भवन रोड की और जाते ध्वज यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
हिसार। महाराजा अग्रसेन भवन में शनिवार को श्री पंचमुखी बालाजी धाम चौधरीवास की ओर से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इससे पहले श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वजा लेकर नागोरी गेट से अग्रसेन भवन तक यात्रा निकाली।
इस दौरान श्रद्धालु जय हनुमान और जय बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए पहुंचे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पंचमुखी धाम से आए सोनू भाई जोशी और मोनू भाई जोशी ने हनुमान पाठ किया। हनुमान दरबार में भव्य कीर्तन, सुंदरकांड का संगीतमय पाठ और बाबा की विशेष संगीतमय आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के चरणों में अपनी मन्नतें और अर्जियां लगाईं।
पूरे परिसर को हनुमान जी के प्रिय लाल रंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के भजन गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर पार्षद संजय डालमिया ने कहा कि हनुमान जी सभी के दुख हरते हैं।