प्रदेश सरकार ने हिसार एयरोड्रम को एवियेशन हब के तौर पर विकसित करने के लिए निजी कंपनियों से प्रस्ताव मांगे हैं। एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट के लिए 31 मार्च की तारीख तय की गई है। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत यह हब विकसित होगा, जिसमें डिजाइन, बिल्ट, फाइनेंस, ऑपरेट तथा ट्रांसफर के आधार पर बनाया जाएगा।
एवियेशन हब के लिए पिछले दिनों कंसलटेंसी कंपनी की रिपोर्ट मंजूर कर ली गई थी, जिसमें हिसार के एयरोड्रम को एयरपोर्ट के तौर पर विकसित करने के अलावा यहां एवियेशन हब बनाने की संभावना जताई गई थी। कई महीने तक सर्वे करने के बाद अलग-अलग क्षेत्र से ग्राउंड रिपोर्ट लेकर निजी कंपनी ने यह रिपोर्ट तैयार की थी। इसमें इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, यूनिवर्सिटीज के अलावा अन्य संस्थानों व प्रतिनिधियों से रिव्यू लिया गया था। इस परियोजना को 30 वर्ष की अवधि के लिए भारतीय एवं विदेशी कंपनियों के माध्यम से एक यूनिट के तौर पर विकसित किए जाएगा। परियोजना के लिए एयरोड्रम के साथ लगती करीब तीन हजार एकड़ सरकारी भूमि निर्धारित की गई है। निजी कंपनियां ईआईओ के तहत दस मार्च तक अपने प्रस्ताव दे सकेंगे। यह ग्लोबल टेंडर होने के चलते इसमें विदेश कंपनी भी अपना टेंडर दे सकती हैं। एवियेशन हब का विकास निजी भागीदारी के माध्यम से होगा, जिसमें कंपनी पहले इसका डिजाइन तैयार कराएगी। डिजाइन को सरकार से मंजूरी दिलाई जाएगी। कंपनी अपने संसाधनों से बजट जुटाते हुए इसका निर्माण कराएगी। कंपनी एवियेशन हब संचालन करेगी। कंपनी की लागत पूरी होने के बाद इसे सरकार को हस्तांतरण कर दिया जाएगा।
क्या होगा यहां
हवाई अड्डा बनाया जाएगा।
फिक्सड बेस ऑपरेशन के काम किए जाएंगे।
एयर क्राफ्ट की रख-रखाव व रिपेयरिंग का काम होगा।
कारगो क्राफ्ट की मेंटेनेंस का काम कराया जाएगा।
डिफेंस के लिए तैयार किए जाने वाले क्राफ्ट बनाए जाएंगे।
छोटे साइज के एयर क्राफ्ट बनाने का काम होगा।
पायलट प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा।
एवियेशन से संबंधित विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।
एयरोट्रोपोलिस कामर्शियल एवं एयरोट्रोपोलिस आवास बनाए जाएंगे।
दस मार्च तक लिए जाएंगे आवेदन
इस प्रोजेक्ट के लिए काम करने वाली कंपनियां दस मार्च तक हिसार एयरोड्रम कार्यालय में संपर्क कर सकेंगी। इच्छुक डेवलपर्स अगर हिसार मौके का मुआयना करना चाहें तो पहले सूचना देनी होगी। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9466911115 जारी किया गया है।
बोली के जरिए होंगे शॉर्ट लिस्ट
प्रदेश सरकार की ओर से तय प्रक्रिया के अनुसार प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से आवेदकों को शॉर्ट लिस्ट किया जाएगा। नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में 10 मार्च को बैठक आयोजित की जाएगी। अभिरुचि की अभिव्यक्ति 31 मार्च को तीन बजे तक प्रेषित की जा सकती है।
वर्जन
सरकार को कुछ समय पहले कंसलटेंसी रिपोर्ट मिल गई थी। जिसके बाद एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट के लिए 31 मार्च की तारीख तय की गई है। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत यह हब विकसित होगा। इसमें डिजाइन, बिल्ट, फाइनेंस, ऑपरेट तथा ट्रांसफर के आधार पर बनाया जाएगा।
- महाबीर सिंह, इंचार्ज हरियाणा सिविल एवियेशन