अगले 72 घंटे तक किसी भी अधिकारी का मोबाइल स्विच ऑफ नहीं होगा। सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट के अवकाश रद्द रहेंगे। सभी को ऑन काल उपलब्ध रहने के आदेश दिए गए हैं। 19 को बलिदान दिवस के लिए करीब 42 ड्यूटी मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ तैनात रहेंगे। एहतियात के तौर पर शहर के चौराहों, मार्केट में सीआरपीएफ को तैनात किया गया है।
बलिदान दिवस पर काफी संख्या में लोगों के उमड़ने की संभावना को लेकर प्रशासन ने सिक्योरिटी प्लान तैयार कर लिया है। रामायण टोल प्लाजा के पास दिए जा रहे धरने पर रात के समय भी ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ फोर्स तैनात रहेगी। धरना स्थल के करीब छह किलोमीटर के दायरे में ही पुलिस का पूरा फोकस होगा। इसके अलावा जिले के सभी नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे, पुलिस थाना, प्रशासनिक कार्यालयों पर फोर्स रहेगी। खास तौर पर उन जगहों पर भी निगरानी होगी जहां पिछली फरवरी में जाट आरक्षण को लेकर धरने देते हुए रोड जाम किए गए थे। जाट बाहुल्य गांवों के आसपास पुलिस की विशेष निगरानी होगी।
मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध की तैयारी
जिले भर में सुरक्षा की कमान संभालने के लिए करीब 42 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। हर एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल भी रहेगा। रामायण टोल प्लाजा के पास पुलिस की ओर से फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, दंगा नियंत्रक वाहन लगाए जाएंगे। रविवार को बलिदान दिवस के मौके पर आने वाले वाहनों को टोल प्लाजा के पास पार्किंग की व्यवस्था कराते हुए खड़ा कराया जाएगा। हालात बिगड़ने की आशंका होने पर प्रशासन की ओर से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इसके लिए प्रशासन की ओर से तैयारी की गई है।
यह रहेगा फोर्स का प्लान
रामायण ढंढेरी रोड
डीएसपी नरेंद्र सिंह ओवरआल इंचार्ज होंगे। इंस्पेक्टर ललित, इंस्पेक्टर देवेंद्र, एसआई पवन, एएसआई सुरेश, एसआई विश्वजीत, एएसआई सुरेंद्र, विजय शकंर, एसआई महेंद्र तैनात रहेंगे। उनके साथ 154 पुलिस बल के अलावा 41 होमगार्ड तैनात होंगे।
टोल प्लाजा मय्यड़
डीएसपी गीतिका जाखड़ ओवरऑल इंजार्च होंगी। उनके साथ इंस्पेक्टर सुनीता, एसआई रमेशचंद्र, एसआई राजबाला, दंगा नियंत्रक टीम रहेगी। यहां तीन आफिसर सहित 50 पुलिसकर्मी व 20 होमगार्ड रहेंगे। सीआरपीएफ की एक टुकड़ी भी तैनात रहेगी।
मय्यड़ रिलायंस पेट्रोल पंप
डीएसपी जितेंद्र सिंह ओवरऑल इंचार्ज रहेंगे। उनके साथ एएसआई रमेश तथा दंगा नियंत्रक टीम मौजूद रहेगी। यहां करीब 46 पुुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सीआरपीएफ की एक टीम भी यहां तैनात रहेगी। यहां फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, दंगा नियंत्रक वाहन भी होंगे।
महाराणा प्रताप चौक
इंस्पेक्टर नरेंद्र पाल ओवरऑल इंचार्ज होंगे। यहां उनके साथ एसआई सुरेश कुमार और 26 पुलिस कर्मी होंगे। करीब 20 होमगार्ड उनका सहयोग करने के लिए नियुक्त रहेंगे। यहां सीआरपीएफ की एक टीम भी तैनात होगी, जिसका नेतृत्व अमित कुमार करेंगे।
एसपी के साथ रहेगा स्वैट दस्ता
हरियाणा पुलिस के स्पेशल कमांडो की टीम स्वैट का दस्ता एसपी की टीम में रहेगा। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए यह दस्ता तुरंत मौके पर भेजा जाएगा। एसपी की स्पेशल टीम में इंस्पेक्टर मुकेश, इंस्पेक्टर नरेंद्र, इंस्पेक्टर कप्तान, एसआई रतन सिंह, एएसआई युद्धबीर, एसआई मेदपाल, एसआई संदीप रहेंगे। उनके साथ दंगा नियंत्रक टीम भी रहेगी। एसपी की स्पेशल टीम में 97 लोग रहेंगे।
धरने की होगी वीडियोग्राफी
जिला प्रशासन की ओर से 19 फरवरी को पूरे धरने की वीडियोग्राफी कराने का फैसला लिया गया है। इसमें मुख्य वक्ताओं की रिकार्डिंग तुरंत अधिकारियों को भेजी जाएगी। व्हाट्सएप के जरिए भी हर घंटे की रिपोर्ट आला अधिकारियों को दी जाएगी।