हिसार। जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला के होनहार युवा फ्लाइंग ऑफिसर देव रोहिल भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त कर देशसेवा के लिए तैयार हो गए हैं। अब फ्लाइंग ऑफिसर देव रोहिल देश की सीमाओं की रक्षा के लिए भारतीय वायु सेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों का संचालन करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से गांव समेत पूरे हिसार जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
वायु सेना अकादमी हैदराबाद में 13 जून को आयोजित पासिंग आउट परेड एवं कमीशनिंग समारोह में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्लाइंग ऑफिसर देव रोहिल को भारतीय वायु सेना में कमीशन प्रदान किया। देव रोहिल ने तीन वर्ष के एनडीए और एक वर्ष के वायु सेना प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की है।
देव रोहिल का परिवार भी लंबे समय से देश सेवा की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके पिता कर्नल राजपाल सिंह रोहिल और नाना ब्रिगेडियर ओपी तोमर भारतीय सेना में सेवारत रह चुके हैं। उनके मामा विंग कमांडर रवि तोमर भारतीय वायु सेना में अधिकारी हैं। उनके दादा दयानंद हरियाणा सरकार में उच्चाधिकारी रहे हैं। इस दौरान युवा नेता सुरेंद्र गंगवा आदि मौजूद रहे।