हिसार। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और स्कूल टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबंधित हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने अंतर जिला तबादला नीति में 95 प्रतिशत की शर्त को हटाने की मांग की है। शिक्षक नेताओं ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि शिक्षा विभाग के जिला कैडर के अध्यापकों के लिए प्रस्तावित नई तबादला नीति में यह शर्त और 15 साल की सेवा के बाद ब्लॉक बदलने की शर्त अव्यावहारिक और शिक्षक विरोधी है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि यह शर्तें शिक्षकों के लिए मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दबाव का कारण बन रही हैं, जिससे उनका शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि नई नीति में सुधार नहीं होने पर 19 जनवरी को प्रदेशभर में उपायुक्त कार्यालयों पर जनप्रदर्शन किया जाएगा।
शिक्षक नेताओं ने यह भी बताया कि विभाग की ओर से तबादला प्रक्रिया को लगभग ठप कर दिया गया था और जेबीटी शिक्षकों के तबादले पिछले एक दशक से नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि इस समस्या का समाधान तुरंत किया जाए और नीति को शिक्षक के आवेदन और छात्रों की जरूरतों के आधार पर लागू किया जाए।