हिसार। हिसार, बवानीखेड़ा और भिवानी के दैनिक यात्रियों ने भिवानी वाया हिसार होकर धुरी चलने वाली ट्रेन संख्या 54631 का विस्तार अमृतसर तक किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में यात्रियों ने बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के माध्यम से रेल मंत्री को एक मांग पत्र भेजा है। विधायक ने यात्रियों की इस मांग को पूरा करने के लिए रेल मंत्री से मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया है।
दैनिक यात्री संघ के सदस्य आकाश, अंकुर, सुरेंद्र, प्रवीन, सोनिया, अनीता और पूजा ने बताया कि भिवानी से चलने वाली भिवानी वाया हिसार धुरी ट्रेन संख्या 54631 भिवानी, बवानीखेड़ा, हांसी, हिसार से हजारों यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचाती है। अमृतसर जाने वाले यात्री भी इस ट्रेन का उपयोग करते हैं लेकिन आगे जाकर उन्हें ट्रेन बदलनी पड़ती है।
यात्रियों का कहना है कि अगर इस ट्रेन का विस्तार अमृतसर तक कर दिया जाए तो उन्हें काफी सुविधा होगी। अमृतसर तीर्थ यात्रा, व्यापारिक कार्य और अन्य कारणों से जाने वाले यात्री रोजाना इस मार्ग का उपयोग करते हैं। इस ट्रेन का विस्तार अमृतसर तक होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यात्रियों ने सोमवार को इस संबंध में बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि को एक मांग पत्र सौंपा और उनके माध्यम से रेल मंत्री से इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई की अपील की।