हिसार। कैंप चौक पर शनिवार रात शराब के नशे में हंगामा करने वाली महिला के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। महिला पर सार्वजनिक स्थल पर नशे की हालत में उत्पात मचाने का आरोप लगाया गया है। इससे पहले पुलिस उसकी कार इंपाउंड कर चुकी है और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में चालान भी किया गया था।
जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि 11 अप्रैल की रात करीब 11 बजे महिला ने कैंप चौक पुल के पास बीच सड़क में अपनी कार रोक दी थी जिससे यातायात प्रभावित हो गया। इस दौरान उसने राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों ने जब महिला से वाहन हटाने को कहा तो उसने स्वयं को नर्सिंग अधिकारी बताते हुए कहा कि यदि गाड़ी जब्त भी हो गई तो वह नई खरीद लेगी। महिला ने करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामा किया और महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया।
पुलिस जांच में महिला की पहचान शीला रानी के रूप में हुई है जो राजस्थान के गंगानगर जिले के गांव नोबरा की निवासी है और वर्तमान में हनुमानगढ़ जिले के गांव डाबरी में कार्यरत है। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह हिसार पार्टी करने आई थी। अर्बन एस्टेट चौकी प्रभारी एवं जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है।