हिसार। गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में रह रही छात्राओं को लगातार खराब सुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल की हालत इतनी खराब है कि रहना मुश्किल हो गया है। कमरे की छत से पानी टपक रहा है, जिससे दीवारों पर बड़े धब्बे पड़ गए हैं और सामान भीग गया है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि पानी सीधे बिजली के स्विच बोर्ड पर गिर रहा है, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बना हुआ है।
हॉस्टल के टॉयलेट की स्थिति भी बेहद दयनीय है। सीट टूटी हुई है और फर्श पर गंदगी जमी हुई है। लंबे समय से सफाई न होने से बदबू फैल रही है।
कई बार की शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं
छात्राओं ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार हॉस्टल प्रशासन और यूनिवर्सिटी अधिकारियों से शिकायत कर चुकी हैं। हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया गया लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
छात्राओं की मांग
1 हॉस्टल की मरम्मत तुरंत शुरू की जाए
2 टूटी टॉयलेट सीट और अन्य खराब सुविधाएं ठीक की जाएं।
3 नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो।
वहीं दूसरी और क्रांतिकारी स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन वीरवार को विद्यार्थियों की मांगों को लेकर
जीजेयू में विरोध प्रदर्शन करेगा। छात्र संघ के नेता हरिकेश ढांडा ने बताया कि विद्यार्थियों की मांगों की लगातर अनदेखी की जा रही है।
मुख्य मांगें
-परीक्षा में ऑड-ईवन प्रक्रिया को बंद किया जाए ताकि हर छात्र को हर सेमेस्टर में री-एग्जाम का अवसर मिल सके।
-मर्सी चांस फीस को कम किया जाए।
-विश्वविद्यालय में पीने के पानी और होस्टल में भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए तुरंत कार्रवाई हो।
-बाथरूम, क्लासरूम और डिपार्टमेंट की साफ़-सफाई और मरम्मत की नियमित व्यवस्था हो।
-रीडिंग हॉल की सीटिंग क्षमता बढ़ाई जाए, रीडिंग हॉल में एसी की व्यवस्था की जाए।
-फीस बढ़ोतरी और छात्रों से ली जा रही नाजायज वसूली को तुरंत बंद किया जाए।
- जिम में नई मशीनें और पर्याप्त उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
विद्यार्थियों की सभी मांगों के पूरा किया जाएगा। किसी भी विद्यार्थी को विवि में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
-प्रो. नरसी राम बिश्नोई, कुलपति, जीजेयू