हिसार। शहर के ग्लोबल स्पेस एरिया में बेटी के ससुराल आए पिता पर ससुराल वालों ने हमला कर घायल कर दिया। घायल बुजुर्ग को जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पीड़ित की शिकायत पर एचटीएम थाना पुलिस ने दामाद सहित 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दिल्ली के वसंत कुंज निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी मनीषा की शादी वर्ष 2016 में ग्लोबल स्पेस निवासी संदीप के साथ हुई थी। बेटी के ससुराल वाले शादी के बाद से मनीषा के साथ मारपीट करते आ रहे हैं। मनीषा ने 26 अप्रैल को फोन कर कहा कि आप मुझे ले जाओ, नहीं तो मैं आत्महत्या कर लूंगी। इसके बाद वह बेटे के साथ मनीषा के घर ग्लोबल स्पेस में आया। घर के अंदर आते ही मनीषा की सास कमलेश ने कहा कि आप कैसे आ गए। उसके बाद बेटी का पति संदीप, देवर, ससुर व दो अन्य आ गए।
फिर उनकी आपस में बात होने लगी। ससुराल वालों ने कहा कि हम तुम्हें मनीषा को नहीं ले जाने देंगे। इस पर उसका बेटा डायल 112 को कॉल करने जाने लगा तो उन्होंने उनका रास्ता रोक लिया। वे उनके साथ मारपीट करने लगे। मनीषा की सास ने रसोई से कुछ उठाकर उसके सिर पर मारा, जिससे उसके सिर में काफी चोटें आईं। उन्होंने बेटी मनीषा को भी बहुत पीटा और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।