हांसी। चार दिन पहले तोशाम रोड पर एक ईंट-भट्ठे से लाए गए 26 बांग्लादेशियों को अभी तक वापस नहीं भेजा गया है। वापस भेजने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। मंजूरी मिलने के बाद इन्हें वापस भेजा जाएगा। अभी इन्हें पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। इन्हें वापस भेजने संबंधित सारी कागजी कार्रवाई पुलिस की तरफ से पूरी कर ली गई है।
इन 26 बांग्लादेशियों में 8 पुरुष, 5 महिलाएं व 13 बच्चे शामिल हैं। बता दें कि पुलिस अब तक अवैध रूप से रह रहे 65 बांग्लादेशियों को पकड़ चुकी हैं। इसमें पहले 11 मई को 39 बांग्लादेशियों को हाजमपुर के एक ईंट भट्ठे से पकड़ा गया था। उन्हें पकड़ कर पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा बल को सौंप दिया गया था। वहीं बीते शनिवार को 26 बांग्लादेशियों को पकड़ा गया है, लेकिन इन्हें अभी तक वापस नहीं भेजा गया है। इस मामले में पुलिस ने भट्ठा संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। मामला इन बांग्लादेशियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने की धाराओं के तहत मामला किया है।
शहर थाना प्रभारी सदानंद वत्स ने बताया कि ईंट भट्ठे से लाए गए 26 बांग्लादेशी अभी पुलिस सुरक्षा में हैं। इन्हें वापस भेजा जाना है। आदेश मिलते ही वापस भेजा जाएगा।