हरियाणा के हिसार शहर की एक पुलिस चौकी के सामने एक व्यक्ति और कुछ महिलाओं ने एक महिला के कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं, उसे समाज में बदनाम करने की बात कही। परेशान होकर महिला ने घर जाकर फिनाइल पी ली। गंभीर हालत में पीड़िता को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया। अब पीड़िता का शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता का कहना है कि उसका पति से कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है, जिस कारण वह मायके में रह रही है और यहां सिलाई का काम करती है। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उससे कई सूट सिलवाए। जब उससे सिलाई के रुपये मांगे तो उसने देने से इंकार कर दिया और कहा कि अगर रुपये मांगे तो झूठा केस दर्ज करवा दूंगी।
गत 17 मार्च को उक्त महिला ने एक अन्य महिला के साथ मिलकर मेरे खिलाफ पुलिस चौकी में जातिसूचक गालियां देने की शिकायत दी। इस बारे में पुलिस ने चौकी में बुलाया। गत 19 मार्च को पुलिस चौकी में गई। वहां एक व्यक्ति व उक्त महिलाएं मौजूद थी।
वे राजीनामा करने की बात कह रहे थे मैंने ऐसा करने से इंकार कर दिया। उसके बाद बाहर गेट पर आ गई। इस दौरान व्यक्ति आया उसने उसके कपड़े फाड़ दिए। फिर उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा कि हम तुझे बदनाम कर देंगे।
उसके बाद मैं घर आ गई और मैंने फिनाइल पी ली। परिजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए। मामले की जांच कर रही एचसी दर्शाना का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।