रावलवास खुर्द गांव के पास देर रात देसी शराब ठेके पर एक नकाबपोश युवक ने पिस्तौल दिखाकर ठेके पर काम करने वाले कारिंदे से नकदी लूट ली।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी होने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई।
शराब ठेकेदार सुचेंद्र मलिक का गांव रावलवास खुर्द के पास देसी शराब का ठेका है। ठेके पर मंदीप नाम का कारिंदा रात के समय ड्यूटी करता है।
ठेकेदार सुचेंद्र ने बताया कि रात करीब 11 बजे एक युवक ठेके पर आया। युवक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। उसने आते ही पिस्तौल निकाल कारिंदे मंदीप की कनपटी पर तान दी।
गल्ले से रुपये निकाल कर देने का आदेश दिया। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पिस्तौल से घबराए कारिंदे ने करीब 11 हजार रुपये की नकदी नकाबपोश बदमाश को दे दी।
नकदी लेते ही बदमाश बाहर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। बाद में कारिंदे ने फोन कर घटना के बारे में जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची जांच पड़ताल की। पुलिस ने कारिंदे के बयान लिए हैं। सदर थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।
गौरतलब है कि जिले के कई शराब ठेकों पर लूटपाट की वारदात हो चुकी हैं। लेकिन अब तक लुटेरों का सुराग नहीं लग सका है। कुछ समय पहले मुकलान गांव के पास शराब ठेके पर भी लाठी से हमला कर नकदी लूटी गई थी। गांव रायपुर में भी शराब ठेके से लूट हो चुकी है।