मुल्तानी चौक एरिया में एक परिवार के सदस्य पंजाब के व्यास डेरे में दर्शनों के लिए गए थे। वे वापस लौटे तो घर से सोने के जेवर और 45 हजार की नकदी गायब मिली। मकान मालिक कुमार गौरव ने चोरीशुदा माल की कीमत पांच लाख रुपये बताई है। वारदात के समय घर सूना नहीं था, परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
मुल्तानी चौक एरिया के कुमार गौरव डोगरान मोहल्ला में लवली कैटर्स चलाते हैं। उन्होंने बताया कि तीन मंजिला मकान में वे तीन भाई और एक बहन परिवार समेत रहते हैं। वह, उनके भाई मुकेश और बहन पूनम समेत परिवार के 9 सदस्य 12 जून को दर्शनों के लिए डेरा व्यास में गए थे।
मकान में उनके बहनोई मुकेश मिगलानी और भाई अजय, अन्य परिजन थे। हम 14 जून को देर रात ट्रेन से लौटे और खाना खाकर सो गए। कुमार गौरव ने बताया कि वह 15 जून को अलमारी में टंगी जैकेट से नकदी निकालने लगे तो 45 हजार रुपये गायब थे।
दूसरी जेब चेक करने पर जेवर भी गायब मिले। उन्होंने बताया कि हमारी रिहाइश दूसरी मंजिल पर है। वे मेन दरवाजे को बंद कर गए थे। उसका लॉक खराब है। कोई दरवाजा खोलकर वारदात को अंजाम दे गया और फिर से दरवाजे बंद कर गया।
मकान मालिक ने बताया कि चोर 15 तोले सोने के जेवर और 45 हजार की नकदी चुरा ले गए। चोरीशुदा जेवरों की कीमत लगभग साढे़ चार लाख रुपये है। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुमार गौरव की पत्नी वंदना डाबर ने नगर परिषद के चुनाव में वार्ड नंबर तीन से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत हासिल नहीं हुई थी।