सिटी एरिया में एक टीचर ने पत्नी को साथ रखने से इनकार कर दिया तो डिप्रेशन में आई पत्नी ने थाने के सामने पहुंचकर ऑल आउट लिक्विड गटक लिया। महिला ने खुद को टीचर की पत्नी होने का दावा किया है। थाने के सामने जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। महिला को बाद में तुरंत सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया।
झांसा देकर किया था रेप, केस दर्ज हुआ तो की थी शादी
उपचाराधीन महिला ने बताया कि शहर की एक कॉलोनी में रहने वाले टीचर से दिल्ली में मुलाकात हुई थी। वह टीचर से एक सेंटर पर कोचिंग लेती थी। उसने शादी करने झांसा देकर एक साल तक शारीरिक संबंध बनाए। फिर वह शादी की बात से मुकर गया। जब उसने टीचर के खिलाफ रेप का केस दर्ज करा दिया तो केस दर्ज होने के बाद टीचर ने कहा कि वह उससे शादी कर लेगा। आठ महीने पहले केस से डरते हुए उसने महिला से शादी कर ली।
अब मजबूरी बताकर घर पर रखने से किया इनकार
महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से वह उसे अपने पास घर पर रखने से इनकार कर रहा है। जब उसे साथ रखने के लिए बोला जाता है तो वह खुद की मजबूरी की बात कहता है। महिला का कहना है कि वह अपने पति के पास रहने के लिए आई थी। मगर फिर उसने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया। महिला का कहना है कि जब वह इस मामले को लेकर सिटी थाना जाने लगी तो पति ने उसे थाने के बाहर ही रोक लिया। आरोप है कि पति ने कहा कि वह उसे अपने पास नहीं रख सकता और ये बात कहकर उसने उसे ऑलआउट थमा दिया कहा कि इसे पी लो। यह बात सुनकर महिला डिप्रेेशन में आ गई और ऑल आउट लिक्विड पी लिया। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला का कहना है कि उसके पति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
दिल्ली के उत्तम नगर थाने में दर्ज हुआ था रेप का केस
जानकारी के अनुसार दिल्ली के उत्तमनगर थाने में महिला टीचर पर केस दर्ज करवाया था। टीचर के खिलाफ दिल्ली थाने में रेप का केस दर्ज था। उस मामले में युवती का नरम रुख होने पर कुछ राहत मिली थी। दिल्ली में ही टीचर ने अपनी स्टूडेंट्स के साथ आर्य समाज मंदिर में शादी की थी, लेकिन वह टीचर उसे अब भी अपने पास नहीं रख रहा था।
थाने के सामने एक महिला ने ऑल आउट लिक्विड पीने का प्रयास किया था। उसे सरकार अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
- ओमप्रकाश, एसआई सिटी थाना