तीन बदमाश सोमवार रात करीब आठ बजे सुुशीला भवन के पास केटरर्स राजेंद्र पर हमला कर उन से उनकी आई 20 गाड़ी छीन ले गए। घायल हुए राजेंद्र को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सेक्टर 13 निवासी राजेंद्र सिंह डीएन कॉलेज के पास अमित फूड केटरर्स के नाम से कैटरिंग शॉप चलाते हैं। सोमवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद करके अपनी सफेद रंग की आई 20 गाड़ी में सवार होकर डीएन कॉलेज रोड से होते हुए अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान सुशीला भवन के पास तीन युवक जबरदस्ती गाड़ी के सामने आ गए। राजेंद्र ने गाड़ी को ब्रेक लगाए तो युवक उनके साथ बदतमीजी करने लगे। इसके बाद युवकों ने उस पर मुक्के, लात, घूूंसे से हमला बोल दिया।
युवकों ने जबरदस्ती उन्हें गाड़ी से नीचे फेंक दिया और गाड़ी सहित फरार हो गए। बाद में कुछ लोगों ने घायल राजेंद्र को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ लोगों ने राजेंद्र सिंह के बताए नंबर पर फोन कर उनके परिजनों को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि बदमाश उनकी आई 20 गाड़ी छीनकर राजकीय बालिका विद्यालय की ओर गाड़ी लेकर फरार हो गए। राजेंद्र सिंह के रिश्तेदार राजीव नगर निवासी सुरजीत ने बताया कि गाड़ी में दो महंगे मोबाइल तथा पर्स भी था। पर्स में करीब दस हजार रुपये की नकदी थी। हमलावर पर्स की दस हजार की नकदी व मोबाइल फोन भी ले गए।
हमें गाड़ी छीनने के बारे में सूचना मिली है। पूरी जानकारी के लिए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। बयान लेकर आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल गाड़ी का नंबर लेकर वीटी कराई है।
- सुरेंद्र सिंह, एसएचओ, सिटी थाना हिसार
पहले गाड़ी के संग ले ली थी जान
शहर के बीचों बीच हुई इस घटना ने सचिन मर्डर केस की कुछ यादें ताजा करा दीं। करीब दो माह पहले 11 सितंबर को टाउन पार्क के सामने से बदमाश गाड़ी छीन कर ले गए थे। सेक्टर 9-11 निवासी युवक सचिन बंसल की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस कई दिन तक इस केस को हल नहीं कर पाई थी। आरोपियों के स्केच जारी कर 50 हजार का इनाम घोषित किया था। बाद में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।