दीप्ती गैंग के तीन बदमाशों ने सैठी गैंग से जुड़े संदीप डूडी का मर्डर करने के लिए कोर्ट परिसर के सामने शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे फायरिंग कर दी। गोली संदीप को लगने की बजाए हिसार-राजगढ़ रोड पर मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुजर रहे फिजियोथैरेपिस्ट को जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद तीन पुलिस कर्मियों ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए।
कोर्ट पार्किंग ठेकेदार संदीप डूडी शुक्रवार दोपहर लघु सचिवालय पार्किंग के ठेकेदार लाडवा निवासी विनीत तथा संजय के साथ बैठा था। कारिंदे वाहनों की पर्चियां काट रहे थे। करीब डेढ़ बजे तीन युवक पार्किंग के बीचों बीच सचिवालय की तरफ से आए। संदीप डूडी के साथियों ने संदिग्ध समझ आवाज लगाई तो तीनों मेन रोड की तरफ भागकर दीवार फांद गए।
यह देख पार्किंग ठेकेदार उनके पीछे दौड़ने लगे। भागकर उनके पास पहुंचे तो वे एक ऑटो रिक्शा में बैठ चुके थे। विनीत ने बाइक ऑटो के आगे लगा दी। ऑटो में से एक युवक ने पिस्तौल से उन पर एक के बाद एक कर तीन फायर किए। हालांकि गोली संदीप डूडी व उसके साथियों को नहीं लगी।
वहीं इसी बीच सेक्टर 16-17 निवासी फिजियोथैरेपिस्ट विपिन अपनी बाइक पर सवार होकर कोर्ट की ओर जा रहा था। बदमाशों द्वारा चलाई एक गोली विपिन के पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद विपिन घायल होकर मौके पर ही गिर गया। वहां मौजूद लोगों ने विपिन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
कोर्ट परिसर में फैली दहशत
कोर्ट परिसर के बाहर गोलियां चलने से वहां दहशत फैल गई। गोली की आवाज सुनकर लघु सचिवालय के मेन गेट के पास फुटपाथ पर मौजूद ईएचसी कंवर सिंह, ईएचसी दलबीर सिंह, कांस्टेबल विजेंद्र सिंह बदमाशों के पीछे दौडे़। दो बदमाश डिफेंस कॉलोनी की एक कोठी में घुसकर दूसरे रास्ते से फरार हो गए।
एक बदमाश सीसवाल निवासी अंकित को दलबीर सिंह ने काबू कर लिया। ईएचसी कंवर सिंह ने पकड़कर तुरंत हथियार को कब्जे में ले लिया। बदमाश को सिविल लाइन पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
यह था गैंगवार का मामला
पुलिस के अनुसार मंगाली निवासी संदीप सेठी गैंग ने करीब कुछ महीने पहले झीड़ी निवासी संदीप गोदारा की गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी थी। संदीप गोदारा सीसवाल निवासी दीप्ती का दोस्त था। इसके बाद से दीप्ती अपने दोस्त की हत्या का बदला लेना चाहता था। बताया जा रहा कि संदीप डूडी सेठी का दोस्त है। दीप्ती गैंग के सीसवाल निवासी अंकित, गंगवा गांव निवासी सोनू, गंगवा के डीजल को संदीप डूडी का मर्डर करने के लिए भेजा था। शुक्रवार को यह तीनों गांव गंगवा से कोर्ट परिसर पहुंचे थे।
जेल से मिला था आदेश
पुलिस सूत्रों के अनुसार सीसवाल निवासी बदमाश दिप्ती और उसका साथी छोटिया सेंट्रल जेल में बंद हैं। कुछ दिन पहले ही अंकित उनसे मिलने के लिए जेल गया था। पुलिस के अनुसार उस मुलाकात के दौरान वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग की थी।
आंदोलन के लिए लगाई गई थी फोर्स
जाट आरक्षण आंदोलन के लिए बड़ी संख्या में लघु सचिवालय परिसर पर पुलिस बल तैनात किया गया था। इसमें रिजर्व पुलिस फोर्स के कर्मचारी घटना के समय मौके पर ही थे। गोली की आवाज सुनकर पुलिस कर्मचारी अलर्ट हो गए और हमलावरों को पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़ पडे़े।