हरियाणा के हिसार में एसटीएफ काला को छह दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। एसटीएफ प्रभारी का दावा है कि जल्द की इस मामले में बड़ा खुलासा किया जाएगा।
हरियाणा के हिसार में कुख्यात बदमाश काला खैरमपुरिया को बीती रात गुरुग्राम से हिसार लेकर पहुंची एसटीएफ ने रविवार को रिमांड के दौरान उससे लंबी पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि अपराध की दुनिया में कदम रखने के साथ ही वह विनोद पानू उर्फ काना गैंग के साथ जुड़ा था।
विज्ञापन
इसके बाद कई आपराधिक वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में काला ने अपने गुर्गों के कुछ ठिकानों के बारे में जानकारी दी। इस पर कड़ी सुरक्षा के बीच उसे साथ लेकर उसके गुर्गों के ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि कोई पकड़ा नहीं गया।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की मदद से खैरमपुरिया का पासपोर्ट रद्द कराकर थाईलैंड से उसका प्रत्यर्पण कराया गया है। शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया और गुरुग्राम में कोर्ट में पेश कर 6 दिन के रिमांड पर लिया। इसके बाद उसे हिसार लाया गया।
विज्ञापन
गुर्गों को विदेश कर रहा फंडिंग
एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया है कि विनोद पानू गैंग से जुड़ने के कुछ समय बाद ही काला और उसमें दूरियां बढ़ने लगीं। फिर काला खैरमपुरिया ने अपने नाम से खुद का गैंग बना लिया और युवाओं को अपने साथ जोड़ना शुरू किया। वह खुद युवाओं को विदेश में बैठकर फंडिंग करता था। उसके इशारे पर ही युवा हत्या, फायरिंग और रंगदारी की वारदात को अंजाम देते हैं।
खैरमपुरिया के बताए गए ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस मामले में जैसे ही कोई बड़ा खुलासा होगा तो उसके बारे में जानकारी दी जाएगी। -इंस्पेक्टर अनूप, इंचार्ज, एसटीएफ