एक विदेशी युवक ने एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके हजारों रुपये ठग लिए। बाद में पैसे नहीं देने पर उसके साथ बदतमीजी की और जान से मारने की धमकी देते हुए अब शादी करने से मना कर दिया। युवक की धमकी और धोखाधड़ी से आहत युवती थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी युवक अहमद शोएब के खिलाफ युवती के साथ बदतमीजी से पेश आने, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर की एक निजी संस्था में काम करने वाली युवती ने अपनी शादी का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया था। इस दौरान एक युवक ने युवती के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और खुद को लंदनवासी बताते हुए कहा कि वर्तमान में वह तुर्की में पत्रकारिता कर रहा है।
इस दौरान दोनों के बीच बातचीत का दौर शुरू हो गया। शोएब ने युवती के व्हाट्स एप पर भी चैटिंग शुरू कर दी। दोनों के बीच शादी की बातचीत होने लगी तो युवक ने एक दिन युवती से अपने दोस्त की घरवाली के इलाज के लिए 10 हजार रुपये की पेशकश की, जिसे उसने बताए गए अकाउंट में जमा भी करवा दिए।
बाद में युवक की डिमांड बढ़ती गई और वह उससे रुपये एंठने लगा। उसने जुलाई में इंडिया आने की बात कही तो युवती की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसी बीच आरोपी युवक का इंडिया के एक नंबर से फोन आया कि वह इंडिया आ गया है, लेकिन कस्टम वालों ने उसे पकड़ लिया है। युवक ने कहा कि कस्टम वालों को पैसे नहीं दिए तो वे उसे जेल में डाल देंगे। उसने युवती से कस्टम वालों से छूटने के 55 हजार रुपये की डिमांड की तो युवती ने यह रकम भी उसके बताए गए खाते में जमा करवा दी।
इसके बाद भी वह लगातार रुपये की डिमांड करने लगा, जिस पर युवती को उस पर शक हो गया। युवती ने अंत में पैसे देने से मना कर दिया तो वह उसे गालियां देने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ शादी करने से साफ मना कर दिया। इसके बाद युवती यहां थाने पहुंची और पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ युवती से अभद्र व्यवहार करने, उसके साथ धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी को करेंगे गिरफ्तार : डीएसपी
पुलिस ने युवती की शिकायत पर लंदन के रहने वाले युवक अहमद शोएब के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। मामला दूसरे देश का है और इसके लिए कुछ नियम होते हैं, जिसके आधार पर ही कार्रवाई होगी।
विजयपाल, डीएसपी सिवानी