शहर के दो स्वर्णकारों को चकमा देकर ठग गिरोह द्वारा लाखों रुपये का सोना उड़ा लेने का मामला सामने आया है। आजाद चौक के स्वर्णकार वीरेंद्र सोनी ने इस बारे में पुलिस को अपनी शिकायत दर्ज करवाई है।
वीरेंद्र सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को ठग उसकी दुकान से करीब आठ तोले सोना लेकर फरार हो गया।
हालांकि इनमें से एक व्यक्ति की गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन पुलिस अभी किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को ठग गिरोह के दो लोग यहां आजाद चौक मार्केट में आए। सबसे पहले वे नरेंद्र सोनी की दुकान पर गए और पक्का सोना मांगा।
नरेंद्र को उनके हाव भाव पर शक हुआ तो उसने उन्हें इन्कार कर दिया। इसके बाद वे इसी बाजार में अजीत सोनी की दुकान पर गए। उसने भी उन्हें सोना बेचने से इन्कार कर दिया।
इसके तुरंत बाद गिरोह का एक व्यक्ति वीरेंद्र सोनी की दुकान पर आया। उसने वीरेंद्र से चांदी का सिक्का मांगा। वीरेंद्र ने सिक्का दे दिया और बदले में उसकी कीमत ले ली।
इसके तुरंत बाद उक्त व्यक्ति ने वीरेंद्र से एक ग्राम पक्का सोना मांगा। उसने स्वर्णकार को कहा कि ये सोना उन्होंने गुरु जी को भेंट करना है, इसलिए शुद्धता पर विशेष ध्यान देना है।
इसके बदले एडवांस के तौर पर दो हजार रुपये देकर कुछ देर बाद आने की बात कहते हुए वह वहां से चला गया। दो मिनट बाद ही उक्त व्यक्ति वापस आया और उसने स्वर्णकार से कहा कि गुरु जी चाहते हैं कि एक ग्राम सोने के पतरे को सोने के आभूषणों से स्पर्श करवाया जाए।
वीरेंद्र सोनी उसकी बातों में आ गया और तिजोरी से सोने के आभूषण की एक डिब्बी निकालकर उससे स्पर्श कराने लगा।
खेल यहीं नहीं रुका और उक्त व्यक्ति ने वीरेंद्र को कहा कि अब वह चाहता है कि इस सोने को जमीन से स्पर्श से करवाकर दो बार ऊं का उच्चारण किया जाए। तर्क दिया कि ये गुरु जी की हिदायत है और वे उसकी दुकान पर भी आएंगे।
इसी बीच ठग गिरोह का दूसरा व्यक्ति भी वहां आ पहुंचा और उसने पहले वाले व्यक्ति से जल्दी चलने को कहा। इसी बीच पहले आए व्यक्ति ने वीरेंद्र को कहा कि वह थोड़ी देर में आ रहा है और इसी दौरान उसने एक ग्राम सोने का पतरा भी दुकानदार को ही थमा गया।
उन दोनों के जाने के तीन मिनट बाद ही स्वर्णकार का उस वक्त माथा ठनक गया, जब पता चला कि सोने के सामान की डिब्बी गायब है। ये खबर बाजार में आग की तरह फैल गई।
कुछ देर बाद ही पता चला कि इसी गिरोह ने तीन दिन पूर्व दड़ा बाजार के एक अन्य स्वर्णकार को भी करीब 60 ग्राम सोने का चूना लगाया था।
आजाद चौक मार्केट एसोसिएशन के प्रधान ललित पंसारी की अगवाई में दुकानदारों ने किला बाजार चौकी पुलिस से मुलाकात कर ठग गिरोह के लोगों को पकड़ कर उनसे माल बरामद करने की मांग की है।
एक अन्य दुकान में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में गिरोह के व्यक्ति की गतिविधि कैद हुई है, जिससे पुलिस सुराग लगाने में जुटी हुई है।