हिसार सीआईए वन की टीम ने भानू चौक पर ट्रक में छुपाकर रखी गई करीब 1 किलोग्राम अफीम व 35 किलोग्राम चूरापोस्त पकड़ी है। नशे के साथ पुलिस ने ट्रक चालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों अभियुक्तों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया है कि वे कोलकाता के एक होटल से नशीला पदार्थ लेकर आए थे। वहां ये नशा बांग्लादेश से आया था। सीमापार से यह नशा सस्ता आता है जो यहां आकर दोगुने रेटों में बेचा जाता है। पकड़े गए तीनों आरोपियों बठिंडा के गुरचंद, सिरसा के बलजिंद्र और मानसा के समिंद्र हैं।
चालक ने सीट के नीचे छिपा रखा था नशा
सीआईए इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली की तरफ से आ रहे एक ट्रक में नशा आ रहा है जो आगे पंजाब जाना है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भानू चौक सातरोड के पास नाकेबंदी कर दी। संदिग्ध ट्रक चालक को टीम ने रुकवाकर तलाशी ली। इस दौरान चालक की सीट के नीचे एक बोरी के अंदर से 34 किलो और 700 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुई। इसके अलावा दो व्यक्तियों की जेबों से 900 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ के दौरान तीनों ने बताया कि वे कलकत्ता से मादक पदार्थ लेकर आए हैं और पंजाब में ले जाकर इन्हें बेचना है।
चालक को दिया था 60 हजार का लालच
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वे चालक को 60 हजार रुपये का लालच देकर ट्रक में सामान रखकर लाए थे। ट्रक चालक को बस कोलकाता से पंजाब तक सामान पहुंचाना था। वे करीब एक किलोग्राम अफीम 1 लाख रुपये में खरीदकर लाए थे जो पंजाब में तीन लाख रुपये में बेचनी थी। इसके अलावा चूरा पोस्ट का रेट 1400 रुपये के किलो के हिसाब से करीब 45 हजार रुपये में लाए थे जिसे ये यहां दो गुने रेट में करीब ढाई से तीन हजार रुपये के किलोग्राम के हिसाब से बेचनी थी।
कोलकाता के होटल से यहां नशा पहुंचा था। पीछे से यह नशा सीमापार यानी बांग्लादेश से आया हुआ बताया गया है। पूछताछ में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों ये यह बात कबूली है। पुलिस ने इन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया है।
- चंद्रभान, पीआरओ एसपी हिसार