हिसार सिविल लाइन पुलिस ने स्नेचिंग की 10 वारदातों को अंजाम देने वाले दो युवकों को चोरीशुदा मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी से राहत की सांस ली है।
एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि सिविल लाइन एसएचओ गौरव शर्मा के नेतृत्व में उनकी टीम में पीएलए चौकी इंचार्ज एसआई विनोद कुमार, एएसआई कमल सिंह, मेहर सिंह, हेडकांस्टेबल नरेश कुमार, विनोद कुमार, सिपाही सुनील कुमार और विजेंद्र सिंह ने पटेल नगर में सीआईडी चौक पर नाकेबंदी कर रखी थी। तभी वहां दो लड़के एक मोटरसाइकिल पर आए। वे पुलिस पार्टी को देखकर एकदम मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल सवार कैमरी रोड के मीनू और गांव पातन के महाबीर को पकड़ लिया।
स्मैक खत्म होती तो जुगाड़ के लिए स्नेचिंग करते थे
पुलिस ने उनको मोटरसाइकिल के कागजात दिखाने बारे कहा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए और पुलिस को बरगलाने लगे। पुलिस ने शक होने पर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे दोनों दोस्त हैं और स्मैक का नशा करने के आदी हैं। जब नशे के पैसे खत्म होते थे तो वे वारदात के लिए शहर में आ जाते थे। उन्होंने यह मोटरसाइकिल फतेहाबाद से चोरी की थी। पुलिस ने दोनों को मंगलवार के झपटमारी के एक केस में गिरफ्तार किया है।
ये 10 वारदात स्वीकारी
- दोनों ने 22 नवंबर को वकील गारमेंट्स के सामने कैंप चौक से एक औरत से बैग छीना था, जिसमें पैसे व एक मोबाइल फोन था।
- 18 नवंबर को डाबड़ा चौक पुल के पास से ऑटो से एक औरत से बैग छीना था, जिसमें पैसे व एक मोबाइल फोन था।
- 16 नवंबर को सेक्टर 13 से एक औरत से एक बैग छीना था, जिसमें पैसे व एक मोबाइल फोन था।
- 4 नवंबर को रिक्शा पर आ रही एक औरत से बैग छीना था, जिसमें पैसे व एक मोबाइल फोन था।
- अक्टूबर माह में बस स्टैंड फतेहाबाद के सामने धर्मशाला से मोटरसाइकिल चुराई।
- 9 नवंबर को सेक्टर 14 के गेट के पास से एक औरत से बैग छीना था, जिसमें पैसे, कागजात व एक सोने की चेन थी।
- 12 नवंबर को सेक्टर 14 के गेट के पास से पैदल जा रही एक औरत से एक बैग छीनने की कोशिश की थी और औरत द्वारा शोर मचाने पर वे भाग गए थे।
- पंद्रह दिन पहले सेक्टर 14 के पास से एक औरत से एक बैग छीना था, जिसमें 1500 रुपये व मोबाइल फोन था।
- 14 नवंबर को सेक्टर 14 के गेट के पास से एक औरत से एक पर्स छीना था, जिसमें 300-400 रुपये व एक मोबाइल फोन था।
- 22 नवंबर को सेक्टर 14 की ज्वाला सदन धर्मशाला के सामने से एक औरत से एक बैग छीना था, जिसमें पैसे व मोबाइल था।